डिंडोरी में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को नमन, 154 वीर पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि

0 2,062

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

पुलिस लाइन में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, शहीदों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित

 

डिंडोरी, 21 अक्टूबर। पुलिस लाइन डिंडोरी में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।

 

कार्यक्रम में शाहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुदेश परस्ते, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस तथा पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

 

154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का किया वाचन

 

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक कर्तव्यपालन के दौरान वीरगति प्राप्त करने वाले 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। इनमें मध्यप्रदेश के 9 तथा अन्य राज्यों के 145 पुलिसकर्मी शामिल हैं। शहीदों की स्मृति में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

 

पुलिस स्मृति परेड दल ने दी सलामी

 

पुलिस स्मृति परेड दल का नेतृत्व कंपनी कमांडर श्री गोकुल मरावी ने किया, जबकि परेड के सेकेंड कमांड की जिम्मेदारी सूबेदार श्री कुंवर सिंह ओलड़ी ने संभाली। इस दौरान पुलिस स्क्वॉड ने भी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पूर्व में कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

 

इसके बाद पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।

 

1959 में शहीद हुए 10 जवानों की स्मृति में मनाया जाता है दिवस

 

पुलिस स्मृति दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सशस्त्र टुकड़ी के हमले में देश के 10 पुलिस जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति तथा देश की सुरक्षा एवं नागरिकों की रक्षा करते हुए कर्तव्यपालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में यह दिवस मनाया जाता है। यह दिन पुलिस बल के साहस, त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की याद दिलाता है।

 

अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित

 

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेंद्र सिंह, एसडीओपी श्री सतीष कुमार द्विवेदी, एसडीओपी श्री विवेक कुमार गौतम, एसडीओपी श्री अजय तिवारी, डीएसपी श्री धनीराम बारकडे, डीएसपी श्री पुरुषोत्तम मरावी, एसडीएम श्री रामदेवनगन बाबू, रक्षित निरीक्षक श्री निखिल द्विवेदी, सूबेदार श्री कुंवर सिंह ओलड़ी सहित पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

डिंडोरी पुलिस ने कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर शहीदों को शत-शत नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment