प्रेम प्रसंग को लेकर दो परिवारों में खूनी संघर्ष, घायल व्यक्ति की मौत; पांच आरोपी गिरफ्तार
तीन पुरुषों और दो महिलाओं गिरफ्तार

मुबारक अली, संवाददाता
शाहजहांपुर। कटरा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर दो परिवारों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय रमेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन पुरुषों और दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बांका, डंडा और ईंट भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, कटरा क्षेत्र के एक युवक का युवती से प्रेम प्रसंग था। युवती के परिजनों ने कुछ दिन पहले युवक पर उसे भगाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। बाद में पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया। युवती ने अदालत में युवक के साथ रहने की इच्छा जताई थी। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
बताया गया कि रविवार रात युवक के परिवार से जुड़ा रमेश गुटखा खरीदने के लिए दुकान पर गया था। इसी दौरान युवती के परिजन वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान लाठी-डंडों और अन्य चीजों से हमला किए जाने पर रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मामले में 19 अक्टूबर को मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुखपाल समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। रमेश की मौत के बाद विवेचना में गैर-इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं।
पुलिस ने सुरेश, उसके बेटे सुखपाल और राजपाल के अलावा नीतू और ममता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सुखपाल और सुरेश के खिलाफ पहले भी मुकदमा दर्ज है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कटरा थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक पदम सिंह, महिला उपनिरीक्षक अंशु सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।