मुआवजा भुगतान के बिना रेलवे का काम नहीं चलेगा, थमे रहेंगे मशीनों के पहिये

रिपोर्ट➖ नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा
सीधी-कुबरी➖ मुआवजा नहीं मिला तो होगा उग्र आंदोलन, उत्पन्न होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन और रेलवे विभाग की होगी!करौंदी-कुबरी में रेलवे परियोजना के तहत प्रभावित किसानों की जमीन पर काम शुरू करने पहुँचे रेलवे विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। किसानों की जमीन के मुआवजे से जुड़े मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने अपनी समस्याएँ और मांगें प्रमुखता से उठाईं।
इस दौरान जनपद सदस्य यज्ञराज ने प्रभावित किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए स्पष्ट कहा कि जब तक किसानों को नियमानुसार मुआवजे का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनकी जमीन पर काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा।जनपद सदस्य ने दो टूक शब्दों में कहा कि बिना मुआवजा भुगतान के रेलवे की मशीनों के पहिये थमे रहेंगे। यदि किसानों की मांगों का निराकरण किए बिना जमीन पर काम शुरू करने का प्रयास किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और रेलवे विभाग की होगी।
तहसीलदार ने दिए लिखित शिकायत प्रस्तुत करने के निर्देश- मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार ने सभी प्रभावित किसानों को अपनी-अपनी समस्याएँ लिखित रूप में प्रस्तुत करने तथा तहसील कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। इसके बाद मौके पर तत्काल प्रभाव से काम बंद करा दिया गया।
जनपद सदस्य यज्ञराज ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर गरीब किसानों के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना आवश्यक है।अब सवाल यह है कि रेलवे विभाग और प्रशासन प्रभावित किसानों की मांगों पर कब तक ठोस कार्रवाई करेंगे? फिलहाल ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि मुआवजे और अपनी समस्याओं के निराकरण को लेकर वे पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।किसानों को न्याय मिले, उनके अधिकार सुरक्षित रहें और विकास कार्य नियमानुसार हों—यही ग्रामीणों की प्रमुख मांगे हैं।