अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई
उपनी और जोरौंधा से गिट्टी व स्टोन डस्ट का अनाधिकृत परिवहन करते दो डंपर जब्त

सीधी, 19 सितंबर 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में 19 सितंबर को गोपदबनास तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में जांच की गई।
जांच के दौरान खनिज विभाग की टीम ने उपनी एनएच-39 से खनिज गिट्टी का अनाधिकृत परिवहन करते डंपर क्रमांक MP17G2632 को जब्त किया। वाहन को सुरक्षार्थ थाना प्रभारी पुलिस थाना कोतवाली की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया।
इसी तरह जोरौंधा सब्जी मंडी के पास खनिज स्टोन डस्ट का अनाधिकृत परिवहन करते डंपर क्रमांक MP53GA1330 को भी जब्त किया गया। उक्त वाहन को सुरक्षार्थ थाना प्रभारी थाना यातायात की अभिरक्षा में सौंपा गया है।
नियमों के तहत दर्ज होंगे प्रकरण
खनिज विभाग द्वारा दोनों मामलों में संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
विभाग के अनुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए जांच एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अनाधिकृत गतिविधियों में आदतन रूप से संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।