सिपाहियों से मिलकर सराफ को फंसाने की साजिश में तीन गिरफ्तार

0 46

 

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। जलालाबाद, पशुरामपुरी में सराफा व्यापारी को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर कथित तौर पर रुपए वसूलने के मामले में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

 

मामला छह सितंबर का है। मोहल्ला कानूनगोयान निवासी सराफा व्यापारी सुन्दरम क्षत्रिय ने आरोप लगाया था कि चार सिपाही उसे सरैया मोड़ से उठाकर चौकी बिरियागंज ले गए और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर परिजनों से रुपये मंगवाए। आरोप के बाद एसपी सौरभ दीक्षित ने क्षेत्राधिकार तिलहर व क्षेत्र अधिकारी जलालाबाद की जांच के बाद चारों सिपाहियों को निलंबित कर दिया था।

 

इनमें सिपाही पंकज व वीरेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दो अन्य सिपाहियों की तलाश जारी है।

 

पुलिस के मुताबिक, विवेचना में सामने आया कि अनमोल, आयुष पाण्डे और सचिन राठौर ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर व्यापारी को बुलाने और उसकी पहचान कराने में भूमिका निभाई। आरोप है कि अनमोल ने व्यापारी की जानकारी पुलिसकर्मियों को दी, जबकि आयुष के कहने पर सचिन ने व्यापारी को फोन कर सामान खरीदने के बहाने सरैया मोड़ बुलाया। वहां से पुलिसकर्मियों ने व्यापारी को पकड़कर चौकी पहुंचाया।

 

पुलिस का कहना है कि व्यापारी के परिजनों से कथित तौर पर रुपये का सौदा कराने में भी आरोपियों की भूमिका सामने आई। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 14 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

 

वहीं, फरार दो सिपाहियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment