जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित हुए गुरु पूर्णिमा के गरिमामय कार्यक्रम

गुरु पूर्णिमा पर उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित हुआ गरिमामय समारोह
गुरू कभी सेवानिवृत्त नहीं होताः कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया
रिपोर्टर- सोहन श्याम
डिंडौरी- आज जिले के सभी विकासखंडों में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता कर गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरक उद्बोधनों एवं गुरु वंदना के माध्यम से गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इसी क्रम में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डिंडौरी विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू ब्यौहार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा विद्यालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रेरणादायक भाषणों एवं गीतों के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि गुरु कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि जीवनभर अपने ज्ञान और संस्कारों से समाज का मार्गदर्शन करता रहता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन, अनुशासन और अपने गुरुओं के मार्गदर्शन का पालन करते हुए जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता में गुरु एवं माता-पिता का सर्वोच्च योगदान होता है। कार्यक्रम का समापन गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
गुरु पूर्णिमा पर बहेरा टोला माध्यमिक शाला में वितरित किए गए कम्पास बॉक्स
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत चंदवाही स्थित माध्यमिक शाला बहेरा टोला में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा 6वीं के सभी विद्यार्थियों को कम्पास बॉक्स वितरित किए गए। प्रधानाध्यापक श्री रमेश कुमार साहू ने विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा का महत्व बताते हुए अनुशासन एवं शिक्षा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। उपस्थित सभी लोगों ने नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।