समय-सीमा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, सीएम हेल्पलाइन और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तेज करने के निर्देश

0 39

जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध कार्यों पर कलेक्टर सख्त

पौधरोपण पेड़ लगाओ पानी बचाओः- कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया

डिंडौरी, 13 जुलाई 2026

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिक दिनों से लंबित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सीएम हेल्पलाइन की प्रगति को ए-ग्रेड श्रेणी में लाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने साइबर सुरक्षा 2.0 अभियान की समीक्षा करते हुए बताया कि इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में डिंडौरी जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए कलेक्टर द्वारा पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित टीम को सम्मानित भी किया गया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता, त्वरित कार्रवाई तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से यह सफलता प्राप्त हुई है। बैठक में उन्होंने आगामी 15 जुलाई से प्रारंभ होने वाले नशा से दूरी अभियान की रूपरेखा भी प्रस्तुत करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करें। विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों तथा शहरी क्षेत्रों में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जाए, उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए तथा सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और सामुदायिक कार्यक्रमों में नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।

कलेक्टर ने ई-विकास प्रणाली की समीक्षा करते हुए किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नियमित निरीक्षण करने तथा सभी एसडीएम को मृदा परीक्षण अभियान को गति देने के निर्देश दिए। मत्स्य विभाग को मुख्यमंत्री मत्स्य पालन योजना एवं स्मार्ट फिश पार्लर के निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर संचालन प्रारंभ कराने तथा पशुपालन विभाग को कृत्रिम गर्भाधान, क्षीरधारा ग्राम अभियान, संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री उद्यम क्रांति योजना, स्वरोजगार योजना, समग्र ई-केवाईसी, आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित कर इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये ।पर्यावरण संरक्षण के तहत कलेक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नर्मदा परिक्रमा मार्ग, शासकीय भवनों एवं सांदीपनी विद्यालय, सड़क किनारे, तालाबों के आसपास एवं अन्य शासकीय स्थलों पर अगस्त माह तक पांच लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसे समय सीमा के अन्दर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सभी अधिकारियों को समय-समय पर शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, एसडीएम बजाग श्री अक्षय डिगरसे, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment