ग्राम पंचायत बांकी में नल-जल योजना में लाखों की अनियमितता का आरोप, प्रभारी सचिव की जांच की मांग

0 48

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

ग्रामीणों ने नल-जल कर की राशि शासन के खाते में जमा नहीं करने, फर्जी भुगतान और स्टेशनरी मद में नियमविरुद्ध खर्च के लगाए आरोप, 181 पर की शिकायत

 

शहपुरा (डिंडोरी)। जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बांकी में नल-जल योजना के संचालन को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने प्रभारी सचिव पर नल-जल योजना का कर (टैक्स) ग्रामीणों से वसूलने के बावजूद उसे शासन के खाते में जमा नहीं करने का आरोप लगाया है। साथ ही योजना के नाम पर लाखों रुपये के कथित फर्जी भुगतान किए जाने की शिकायत भी की गई है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित प्रभारी सचिव के ग्राम पंचायत बांकी का प्रभार संभालने के बाद से पंचायत के वित्तीय अभिलेखों एवं लेनदेन की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई अन्य अनियमितताएं भी उजागर हो सकती हैं। उन्होंने पंचायत के रिकॉर्ड का मिलान एवं सत्यापन कराए जाने की मांग की है।

 

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक ही माह में फोटोकॉपी एवं स्टेशनरी मद में लगभग 15 से 20 हजार रुपये का भुगतान किया गया, जो नियमों के विपरीत प्रतीत होता है। ग्रामीणों ने इस व्यय की भी बारीकी से जांच कराने की मांग की है।

 

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि नल-जल योजना पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद गांव में पेयजल आपूर्ति की स्थिति संतोषजनक नहीं है। कई स्थानों पर ग्रामीणों को नियमित रूप से पानी नहीं मिल रहा है, जिससे योजना के क्रियान्वयन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

ग्रामीणों ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पूरे मामले की गहन जांच कराई जाती है तो नल-जल योजना सहित अन्य वित्तीय अनियमितताओं का भी खुलासा हो सकता है।

 

नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों एवं शिकायत के आधार पर प्रकाशित किया जा रहा है। संबंधित प्रभारी सचिव अथवा संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment