बांकी पंचायत में सीसी सड़क निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप, घटिया निर्माण और ₹3 लाख के भुगतान की जांच की मांग

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
शहपुरा (डिंडोरी)। जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बांकी में सीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य प्राक्कलन के विपरीत किया गया। आरोप है कि पुरानी सीसी सड़क के ऊपर केवल मलबा डालकर नई सीसी सड़क का निर्माण कर दिया गया, जबकि न तो बेस तैयार किया गया, न पॉलिथीन (पन्नी) बिछाई गई और न ही निर्माण कार्य के दौरान वाइब्रेटर का उपयोग किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण के महज 8 से 10 दिनों के भीतर ही सड़क पर जगह-जगह दरारें और गड्ढे दिखाई देने लगे, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी समाचार प्रकाशित हुए, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बिना विधिवत मूल्यांकन कराए लगभग ₹3 लाख का भुगतान सप्लायर को कर दिया गया। उनका आरोप है कि इस मामले में सचिव, सरपंच और सप्लायर की मिलीभगत से भुगतान किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि ग्राम पंचायत सचिव नियमित रूप से पंचायत कार्यालय नहीं आते हैं और अधिकांश समय पंचायत भवन में ताला लगा रहता है। इससे जॉब कार्ड धारकों सहित अन्य हितग्राहियों को अपने कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रभारी सचिव पर बिलों में अनियमितता एवं वित्तीय गड़बड़ियों के भी आरोप लगाए गए हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। यदि उनका पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
अब देखना होगा कि समाचार के प्रकाशन के बाद शासन-प्रशासन इन आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।