शाहजहांपुर: तहसील जलालाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस, 80 शिकायतें पहुंचीं, 3 का मौके पर निस्तारण

0 127

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को तहसील जलालाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

समाधान दिवस में कुल 80 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए गए।

 

डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता का कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

उन्होंने राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, सिंचाई, ग्रामीण विकास और नगर निकाय सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करने तथा आपसी समन्वय के साथ जनता को प्रभावी राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, उपजिलाधिकारी प्रभात कुमार राय, पीडी डीआरडीए अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment