मोबाइल कोर्ट में तहसीलदार ललित शर्मा की बड़ी पहल, आदिवासी किसानों को 20 वर्ष बाद मिला जमीन का कब्जा

संतोष शर्मा संवाददाता शिवपुरी
करैरा। कलेक्टर के निर्देशानुसार एवं एस डी एम अनुपम शर्मा के निर्देशन मे तहसील करैरा के ग्राम मछावली में शुक्रवार को तहसीलदार ललित शर्मा द्वारा मोबाइल कोर्ट का आयोजन कर राजस्व प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस दौरान वर्षों से लंबित मामलों में कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की गई।
मोबाइल कोर्ट के दौरान चार फौती नामांतरण प्रकरणों में फेरन सिंह लोधी, पातीराम लोधी, दयालु जाटव एवं रामदास जाटव के वारिसानों के पक्ष में फौती नामांतरण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
इसके अलावा पटवारी हल्का करोठा अंतर्गत आदिवासी कृषकों चरण सिंह, हरिशंकर, किशन लाल पुत्र डमरू आदिवासी तथा निलेश, प्रेम नारायण एवं चंदन पुत्रगण देवीलाल आदिवासी की सर्वे नंबर 3 एवं 4 की कुल 14 बीघा भूमि, जिस पर प्रकाश पुत्र महाराज सिंह लोधी का लगभग 20 वर्षों से कब्जा था, उसे आपसी समझौते के माध्यम से आदिवासी किसानों को पुनः दिलवाया गया।
कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों ने राजस्व अमले की निष्पक्ष कार्यवाही की सराहना करते हुए राजस्व परिवार का स्वागत किया। ग्रामीणों ने मौके पर ही विवाद का समाधान होने पर प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
मोबाइल कोर्ट के माध्यम से राजस्व मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण की इस पहल को ग्रामीणों ने काफी सराहा।