सीधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई 23 शीशी कोडीन कफ सिरप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 8 लाख की स्कॉर्पियो जब्त

सीधी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जमोड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 23 शीशी Onerex कोडीन कफ सिरप तथा लगभग 8 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो वाहन जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में 29 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना जमोड़ी पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर काले रंग की स्कॉर्पियो (क्रमांक MP-53-ZA-7841) को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 100-100 एमएल की कुल 23 शीशी प्रतिबंधित कोडीनयुक्त Onerex कफ सिरप बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी इसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रमोद कुमार कोरी (35 वर्ष), निवासी अंधियारखोह, थाना जमोड़ी तथा स्वेन्द्र सिंह उर्फ रिंकू (44 वर्ष), निवासी जैसवाल कॉलोनी, दक्षिण करौदिया, थाना जमोड़ी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 4,600 रुपये कीमत की 23 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप तथा करीब 8 लाख रुपये मूल्य की स्कॉर्पियो जब्त की है।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22 एवं ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार की सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में सउनि. आर.डी. साकेत, प्रधान आरक्षक राम खेलावन, प्रधान आरक्षक रावेंद्र तथा आरक्षक अंकित की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
सीधी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।