मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा खंडित करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
मझौली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए नई प्रतिमा की कराई गई स्थापना

सीधी, 20 जून 2026।
जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डेवा स्थित मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को खंडित करने के मामले में मझौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल सीधी भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा एसडीओपी कुसमी संतोष तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 की रात लगभग 10 बजे ग्राम डेवा निवासी सजीव कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई कि गांव के मंदिर में स्थापित करीब 20 वर्ष पुरानी हनुमान जी की प्रतिमा को अज्ञात व्यक्ति द्वारा खंडित कर उसके टुकड़े कचरेदान में फेंक दिए गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेही चक्रधारी पटेल (61 वर्ष) निवासी ग्राम डेवा से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब के नशे में मंदिर में रखी हनुमान जी की प्रतिमा को तोड़कर फेंक दिया था।
मामले में थाना मझौली में अपराध क्रमांक 405/2026 के तहत धारा 298 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड होने के कारण उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जमानत निरस्त होने पर जिला जेल सीधी भेज दिया गया।
धार्मिक भावनाओं का रखा गया सम्मान
घटना के बाद स्थानीय लोगों की धार्मिक आस्था और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग ने नई हनुमान जी की प्रतिमा की व्यवस्था कराई। 20 जून को विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई, जिससे क्षेत्र में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहा।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मझौली उपनिरीक्षक विशाल शर्मा, उपनिरीक्षक पी.एल. टांडिया, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, महिला प्रधान आरक्षक राजकुमारी सिंह, प्रधान आरक्षक विजय सिंह, राजीव यादव एवं आरक्षक मुकेश चंदेल की सराहनीय भूमिका रही।
सीधी पुलिस ने कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द कायम रखने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।