साइबर ठगी के शिकार युवक को सिंगरौली पुलिस ने लौटाए ₹51 हजार, त्वरित कार्रवाई से मिली बड़ी राहत

0 82

सिंगरौली | 02 जून 2026

सिंगरौली पुलिस की त्वरित कार्रवाई और साइबर सेल की सक्रियता से साइबर ठगी का शिकार हुए एक युवक को उसकी पूरी ₹51 हजार की राशि वापस मिल गई। पुलिस की प्रभावी कार्यवाही से राहत महसूस करते हुए शिकायतकर्ता ने पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार राहुल कुमार सोनी पिता दिनेश सोनी, उम्र 29 वर्ष, निवासी शांति नगर गनियारी रोड, वैढ़न, जिला सिंगरौली ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी कर उनके खाते से ₹51,000 की राशि दूसरे खाते में ट्रांसफर कर ली थी।

शिकायत मिलते ही साइबर सेल सिंगरौली ने मामले में तत्काल कार्रवाई शुरू की। संबंधित बैंक खाते और खाताधारक से संपर्क स्थापित कर लगातार समन्वय किया गया। पुलिस के प्रयासों के चलते 01 जून 2026 को फरियादी की संपूर्ण ₹51 हजार राशि वापस करा दी गई।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में की गई। मामले में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक पवन सिंह और आरक्षक प्रशांत केशरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता राहुल कुमार सोनी ने सिंगरौली पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।

सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल या संदिग्ध लिंक से संबंधित घटना होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई संभव हो सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment