गुजरात ले जाकर युवक को लापता करने का आरोप, गरीब परिवार ने लगाई न्याय की गुहार

3 साल से बेटे की तलाश में भटक रहे माता-पिता, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
प्राइड इंडिया न्यूज़ | बहराइच
रिपोर्टर : सुभाष कुमार विश्वकर्मा, ब्यूरो चीफ बहराइच
बहराइच जिले के ग्राम पंचायत अलाहपुरवा से एक गरीब परिवार की दर्दनाक कहानी सामने आई है, जहां एक युवक के तीन वर्षों से लापता होने का मामला चर्चा में है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को काम दिलाने के नाम पर गुजरात ले जाया गया, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत अलाहपुरवा निवासी शकीम पुत्र सैलून को लगभग तीन वर्ष पूर्व बरगतपुरवा निवासी वसीम पुत्र बारीक कथित तौर पर बहला-फुसलाकर गुजरात में होटल में काम दिलाने के लिए ले गया था। परिजनों का आरोप है कि शुरुआती सात महीनों तक उन्हें मजदूरी के रूप में केवल 5 हजार रुपये दिए गए, इसके बाद भुगतान बंद कर दिया गया और युवक की कोई जानकारी भी नहीं दी गई।
पीड़ित माता-पिता का कहना है कि उनका बेटा कहां है, किस स्थिति में है, इसकी जानकारी आज तक नहीं मिल सकी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार बेटे की तलाश में लगातार परेशान है और न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।
मामले की जानकारी मिलने पर पत्रकारों ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उनकी स्थिति जानी और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास का भरोसा दिलाया। इस संबंध में थाना मटेरा, पुलिस अधीक्षक, डीआईजी तथा मुख्यमंत्री के नाम आवेदन पत्र भी दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर युवक की तलाश और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।