दुअरा की पत्थर खदान में बड़ा खुलासा

फर्जी दस्तावेजों के सहारे चल रही थी ब्लास्टिंग! प्रशासन की छापेमार कार्रवाई से मचा हड़कंप
प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, सिहावल रिपोर्ट : शाहिद खान
सीधी जिले की बहरी तहसील अंतर्गत ग्राम दुअरा स्थित पत्थर खदान में नियमों की धज्जियां उड़ाने और विस्फोटक सामग्री के संदिग्ध उपयोग का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खदान संचालन पर तत्काल रोक लगा दी। कलेक्टर श्री विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देश पर एसडीएम सिहावल श्री राजेश शुक्ला के नेतृत्व में प्रशासनिक और पुलिस टीम ने संयुक्त छापेमार अभियान चलाकर खदान क्षेत्र की जांच की। मौके पर सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई, जहां न तो सीमा चिन्ह मिले और न ही सुरक्षा फेंसिंग की समुचित व्यवस्था दिखाई दी।
जांच के दौरान विस्फोटक कार्य में प्रयुक्त वाहन क्रमांक MP17G-3415 मौके पर खड़ा मिला। वाहन में मौजूद लोगों से विस्फोटक सामग्री के परिवहन एवं उपयोग से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई अधिकृत अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इससे प्रशासन को अवैध ब्लास्टिंग और विस्फोटक उपयोग में गंभीर गड़बड़ी की आशंका हुई। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से खदान में उत्खनन और ब्लास्टिंग कार्य बंद कराते हुए पूरे मामले को गंभीर सुरक्षा खतरे के रूप में लिया।
मामला उस समय और संदिग्ध हो गया जब व्हाट्सएप पर दिखाए गए “प्रपत्र RE-13” में विस्फोटक उपयोग का स्थान ग्राम बारी, तहसील गोपद बनास अंकित पाया गया, जबकि विस्फोटक सामग्री ग्राम दुअरा, तहसील बहरी में उपयोग के लिए मौजूद थी। प्रथम दृष्टया यह विस्फोटक सामग्री के परिवहन और उपयोग में नियमों के उल्लंघन का गंभीर मामला माना गया है। प्रशासन ने वाहन को थाना बहरी के सुपुर्द कर विस्फोटक अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।