शमशान घाट में बना तालाब बना विवाद की वजह, शिकायत बढ़ी तो मशीन से तुड़वाया बांध

0 215

“जल बचाओ” योजना पर उठे सवाल, कंचनपुर पंचायत में सरपंच, सचिव और उपयंत्री पर मनमानी के आरोप

शहपुरा। जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत कंचनपुर में शमशान घाट की भूमि पर बनाए गए तालाब को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने पंचायत के सरपंच, सचिव एवं उपयंत्री पर मिलीभगत कर मनमानी तरीके से तालाब निर्माण कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार विरोध और आपत्ति के बावजूद शमशान घाट की जमीन पर जबरन तालाब का निर्माण कराया गया। तालाब में पानी भरने के बाद शमशान घाट का उपयोग प्रभावित हो गया, जिससे अंतिम संस्कार करने पहुंचे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार शमशान तक पहुंचना और अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना तक मुश्किल हो गया था।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने कई बार शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि शिकायतें बढ़ने और कार्रवाई की आशंका के बाद संबंधित जिम्मेदारों ने मशीन लगाकर तालाब के बांध को तुड़वा दिया और उसमें भरा पानी बाहर निकलवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अपनी गलती छिपाने और कार्रवाई से बचने के लिए शासन की राशि का दुरुपयोग किया गया।

ग्रामीणों ने शासन की “जल बचाओ” योजनाओं पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि एक ओर सरकार जल संरक्षण और जल बचाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर पंचायत के जिम्मेदारों एवं प्रभारी एसडीओ शहपुरा के संरक्षण में बांध कटवाकर पानी बहा दिया गया। इससे शासन की मंशा और जमीनी अमल के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है।

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व कलेक्टर एवं जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी डिंडौरी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन कार्रवाई करने के बजाय मौन बना हुआ है।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा शमशान घाट को पूर्व स्थिति में बहाल करने की मांग प्रशासन से की है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment