अक्षय तृतीया पर भव्य सांगीतिक समारोह, डॉ. मुन्नालाल देवदास ‘बेस्ट गीतकार’ सम्मान से सम्मानित

0 2,194

राजिम (छत्तीसगढ़)। प्रयागधाम राजिम नगर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्रीराम संगीत कला केन्द्र द्वारा भव्य सांगीतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केन्द्र के छात्र-छात्राओं ने गीत-संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति एवं राज्यपाल से पुरस्कृत सेवानिवृत्त प्रधान पाठक, नवाचारी शिक्षाविद, कवि-साहित्यकार एवं गीतकार डॉ. मुन्नालाल देवदास को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत पर उत्कृष्ट गीत लेखन के लिए ‘बेस्ट गीतकार सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

डॉ. देवदास द्वारा रचित गीतों को देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त गायकों—पद्मश्री अनूप जलोटा, अनुराधा पौडवाल, सुरेश वाडकर, साधना सरगम एवं अमेरिकन सिंगर वंदना श्रीवास्तव—ने स्वर दिया है। ये गीत टी-सीरीज मुंबई से रिलीज होकर व्यापक लोकप्रियता हासिल कर चुके हैं तथा ‘द आइडियल इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड’ में भी स्थान प्राप्त कर चुके हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक सुनील सोनी, महादेव हिरवानी, कंचन जोशी, किशन देवांगन, योगिता मढ़रिया, विनीता धीवर, अनुराग शर्मा और फागू तारक सहित कई कलाकार भी उनके गीतों को अपनी आवाज दे चुके हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, सभापति भारत यादव, पार्षद तुषार कदम, राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक किशोर निर्मलकर एवं विजय पाटेश्वर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस दौरान अतिथियों ने श्रीराम संगीत कला केन्द्र के संस्थापक तुलाराम साहू का जन्मदिन भी मनाया और कम समय में 6 हजार से अधिक विद्यार्थियों को संगीत शिक्षा देकर उन्हें रोजगार की दिशा में प्रेरित करने के लिए सराहना एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के स्टाफ, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों की सराहनीय भूमिका रही। मंच संचालन संतोष सोनकर (मीडिया प्रभारी, जिला मानस संघ गरियाबंद) ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संस्थापक तुलाराम साहू ने किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment