झामझोला में पेयजल स्रोतों की जांच और क्लोरीनेशन, सुरक्षित जल उपलब्ध कराने प्रशासन सक्रिय

रिपोर्टर-सोहन श्याम बजाग डिंडौरी
डिंडोरी-जिले के विकासखंड मेहदवानी अंतर्गत ग्राम झामझोला में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। 12 अप्रैल 2026 को विभागीय टीम ने गांव का निरीक्षण कर सभी पेयजल स्रोतों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान ग्राम में स्थापित सभी 7 हैंडपंपों एवं सार्वजनिक कूप से जल नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला में केमिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें पानी पीने योग्य पाया गया। वहीं बैक्ट्रियोलॉजिकल परीक्षण के परिणाम 24 घंटे में प्राप्त होंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से ग्राम के सभी 7 हैंडपंपों एवं सार्वजनिक कूपों का क्लोरीनेशन भी किया गया, ताकि पेयजल पूरी तरह सुरक्षित बना रहे और किसी भी प्रकार के संक्रमण की संभावना को रोका जा सके।
उल्लेखनीय है कि 11 अप्रैल 2026 को ग्राम के कुछ लोग दूषित भोजन के कारण अस्वस्थ हुए थे, जिसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन पेयजल स्रोतों की जांच एवं शुद्धिकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन के स्वास्थ्य और सुरक्षित पेयजल उपलब्धता के लिए सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई जारी है।