विन्ध्यनगर पुलिस की सतर्कता से मूक-बधिर बालक सुरक्षित परिजनों को सौंपा

एमआईजी कॉलोनी में भटक रहा था बालक, पुलिस की सूझबूझ से परिजनों तक पहुंचाया गया
खबर:
सिंगरौली। थाना विन्ध्यनगर पुलिस ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक मूक-बधिर बालक को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 अप्रैल 2026 को सायं करीब 7 बजे नवजीवन बिहार एमआईजी कॉलोनी के कुछ बच्चों ने थाना पहुंचकर सूचना दी कि एक मानसिक रूप से मूक-बधिर बालक कॉलोनी में भटक रहा है, जो अपना नाम-पता बताने में असमर्थ है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने बालक से स्वयं पूछताछ की। बालक द्वारा इशारों में मिली जानकारी के आधार पर उसे एनसीएल कॉलोनी दुद्धीचुआ, जयंत क्षेत्र का निवासी समझा गया। इसके बाद पुलिस ने बिना विलंब किए उसे उसके घर के लिए रवाना किया।
विन्ध्यनगर पुलिस ने बालक को सकुशल उसके संरक्षक बुआ-फूफा के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।
सराहनीय भूमिका:
इस पूरे कार्य में प्रधान आरक्षक बृजेश सिंह एवं आरक्षक अशोक कुशवाह का विशेष योगदान रहा।