उत्कृष्ट उपलब्धि: प्राची तिवारी बनीं ‘डॉ. प्राची’, दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएचडी उपाधि प्राप्त

सीधी/दिल्ली। जिले के लिए गर्व का क्षण है कि सीधी की बिटिया (भतीजी) प्राची तिवारी ने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) से पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर शैक्षणिक क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की है। उन्हें यह उपाधि DU के 102वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन एवं कुलपति प्रो. योगेश सिंह की उपस्थिति में प्रदान की गई।
प्राची तिवारी, भाजपा नेता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता शत्रुघ्न तिवारी की सुपुत्री हैं। उनके शोध प्रबंध का विषय “प्रारम्भिक स्त्री कथा लेखन का समाजशास्त्रीय अध्ययन (1900 से 1950 तक)” रहा, जिसे अकादमिक जगत में महत्वपूर्ण योगदान माना जा रहा है।
प्राची ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा उत्कृष्ट विद्यालय, सीधी से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज से बी.ए. एवं एम.ए. (हिंदी) की पढ़ाई पूरी की, जहां उन्होंने स्वर्ण पदक भी प्राप्त किया। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने यूजीसी-नेट (NET) और जेआरएफ (JRF) परीक्षा उत्तीर्ण की।
आगे उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग से एम.फिल. और पीएचडी की उपाधि हासिल की। वर्तमान में डॉ. प्राची तिवारी दिल्ली विश्वविद्यालय में अतिथि प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं और वहीं से पोस्टडॉक्टरल शोध भी कर रही हैं।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, शुभचिंतकों एवं गणमान्य नागरिकों ने डॉ. प्राची को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
✍️ उमेश तिवारी, सीधी (म.प्र.)