परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, 50 वाहनों की जांच में ₹18,500 वसूले

सीधी | 26 मार्च 2026
जिला परिवहन विभाग द्वारा 26 मार्च को चलाए गए रूटीन चेकिंग अभियान के दौरान लगभग 50 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान दस्तावेजों की कमी एवं मैकेनिकल खामियों के चलते 8 वाहनों पर कुल ₹18,500 का शमन शुल्क वसूला गया।
जांच के दौरान वाहन क्रमांक MP53P0774 (मिश्रा बस) से इंजन में धुआं निकलने की शिकायत पर निरीक्षण किया गया, जिसमें टर्बो में खराबी पाई गई। वाहन स्वामी द्वारा इसे तत्काल ठीक कराया गया, जिसके बाद वाहन संचालन के लिए उपयुक्त पाया गया।
वहीं, वाहन क्रमांक MP17HH5538 को सोनवर्षा टोल प्लाजा से ओवरलोड रेत परिवहन करते हुए भागने पर बड़खड़ा के पास पकड़कर जब्त किया गया। इस दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मामले में वाहन का रिकॉर्ड लॉक करने हेतु पंजीयन अधिकारी रीवा को पत्र भेजा गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
इसके अलावा 3 वाहनों से लगभग ₹6 लाख बकाया कर की वसूली भी की गई है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।