’’कलेक्टर ने मनरेगा कार्यों का औचक निरीक्षण किया, गुणवत्ता व समयसीमा पर दिए सख्त निर्देश’’

डिंडौरी : 25 मार्च, 2026
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आज मेंहदवानी विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित मनरेगा योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं मजदूरों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत कूडाझिर में उन्होंने हितग्राही श्री शीताराम धुर्वे के 2.30 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन कुएं का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने जीआरएस एवं सचिव को निर्देशित किया कि कार्य को अप्रैल माह के अंत तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि कुएं के निर्माण से किसानों, पशु-पक्षियों एवं जीव-जंतुओं को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
इसके बाद ग्राम पंचायत भलवारा में मंगलिया बाई परस्ते के 2.95 लाख रुपये की लागत से बन रहे कूप निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यहां कलेक्टर ने कार्य में लगे मजदूरों से मजदूरी एवं निर्माण कार्य की जानकारी ली। इसी दौरान कुशुमकली परस्ते नामक महिला अपने दो छोटे बच्चों (एक 7 माह एवं एक 3 वर्ष) के साथ कार्य करती हुई मिलीं। कलेक्टर ने उन्हें बुलाकर चर्चा की और उनकी परिस्थितियों को समझा। महिला ने बताया कि घर में देखभाल करने वाला कोई नहीं होने के कारण बच्चों को साथ लाना पड़ता है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित सचिव को निर्देश दिए कि महिला का विशेष ध्यान रखा जाए और ऐसा कार्य दिया जाए जिससे बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत सेहराझील एवं ग्राम पंचायत पायली (मेंहदवानी) में लगभग 24 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नवीन तालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बरसात से पूर्व गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए तालाब निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि वर्षा ऋतु में पर्याप्त जल भराव हो सके। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब बनने से पशु-पक्षियों को पानी मिलेगा, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा मछली पालन के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जनपद सीईओ को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल गंगा संवर्धन सहित सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
निरिक्षण के दौरान एसडीएम शहपुरा श्री एैश्वर्य वर्मा, सीईओ जनपद पंचायत मेंहदवानी श्री प्रदीप ओझा, तहसीलदार मेंहदवानी, पंचायत इंस्पेक्टर सहायक परियोजना अधिकारी श्री अशोक कुडापे, सबइंजीनियर, सहायक यंत्री आरईएस एच.एस. परस्ते सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।