टांडा में 21,551 दीपों से मां सरयू की भव्य महाआरती, नव संवत्सर 2083 का उल्लासपूर्ण स्वागत

0 427

टांडा (अंबेडकर नगर):

बासंतिक नवरात्र के प्रथम दिवस पर नव संवत्सर 2083 विक्रमी के स्वागत में टांडा नगर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। नव संवत्सर स्वागत समारोह समिति के तत्वावधान में पतित पावनी मां सरयू की 21,551 दीपों से महाआरती, दुग्धाभिषेक एवं पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

पुण्य सलिला मां सरयू की पवित्र जलधारा में नाव पर स्थापित मंच से शाम 5:30 बजे ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश मिश्रा ने यजमान दंपतियों—अंशुल अग्रवाल, सरदार त्रिलोक सिंह और दिनेश नारायण सिंह को संकल्प कराते हुए विधि-विधान से पूजन कराया। इस दौरान दुग्धाभिषेक और चुनरी अर्पित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलाचरण से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

टांडा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु—महिला, पुरुष और बच्चे—अपने घरों से सुसज्जित आरती लेकर पहुंचे और श्रद्धा व उत्साह के साथ मां सरयू की आरती की। गोधूलि बेला में स्वस्तिवाचन के बीच प्रज्वलित दीपों की महाआरती ने अद्भुत और नयनाभिराम दृश्य प्रस्तुत किया। शंखनाद, घंटा-घड़ियाल की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने दीपदान कर पुण्य अर्जित किया।

सरयू नदी की जलधारा में झिलमिलाते दीपों का दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो संपूर्ण सृष्टि नव संवत्सर के स्वागत में उत्साहित हो। कार्यक्रम स्थल को फूल-मालाओं, दुर्गा पताकाओं और विद्युत सज्जा से आकर्षक रूप दिया गया था। मां दुर्गा और ‘ॐ’ अंकित ध्वज लहरा रहे थे, वहीं विभिन्न संगठनों द्वारा शुभकामना पट्ट भी लगाए गए थे।

कार्यक्रम की व्यवस्था में आनंद कुमार अग्रवाल, बजरंगी लाल सोनी, राकेश कुमार अग्रवाल, अनिल सिंह, अनिरुद्ध अग्रवाल, दीपक केडिया, आकाश शाह, दिनेश कश्यप, राजेश कुमार साहू, संतोष कुमार अग्रवाल, राकेश कनौजिया, मनोज सोनी, अखिल कपूर, सुनील सोनी, पप्पू यादव, प्रतिभा सिंह, वैशाली सिंह, हर्षिता, अनुष्का सिंह, जयप्रकाश यादव, काशीनाथ मिश्रा, सत्येंद्र आर्य सहित अनेक लोग सक्रिय रहे।

समिति के महामंत्री दिनेश नारायण सिंह ने उपस्थित श्रद्धालुओं को नव संवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए नदियों की स्वच्छता, पवित्रता और अविरलता बनाए रखने का संकल्प दिलाया। वहीं अध्यक्ष आनंद कुमार अग्रवाल ने सभी सहयोगियों, प्रशासनिक अधिकारियों और नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment