कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने प्रशासन सख्त, 11 गैस सिलेण्डर जब्त

0 323

सीधी, 18 मार्च 2026

जिले में गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट में गैस की बुकिंग (पैनिक बुकिंग) न करें और घरेलू गैस का उपयोग केवल आवश्यकता अनुसार ही करें।

जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में गैस आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। जिले में 3996 सिलेण्डर उपलब्ध हैं तथा प्रतिदिन लगभग 2036 सिलेण्डरों का वितरण किया जा रहा है, जो सामान्य से करीब 500 सिलेण्डर अधिक है।

कलेक्टर ने गैस एजेंसियों को निर्देशित किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाए। वहीं होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को कमर्शियल गैस की संभावित कमी को देखते हुए वैकल्पिक ईंधन के उपयोग की सलाह दी गई है।

इसी के तहत खाद्य, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। 17 मार्च 2026 को चैपाटी गांधी चौराहा, सीधी स्थित प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान घरेलू गैस का व्यवसायिक उपयोग पाए जाने पर 11 सिलेण्डर जब्त किए गए। यह कार्रवाई द्रवित पेट्रोलियम प्रदाय एवं वितरण विनियमन आदेश 2000 के तहत की गई।

प्रशासन ने संबंधित संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि घरेलू गैस सिलेण्डरों का उपयोग व्यवसायिक कार्यों में न करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment