करंजिया क्षेत्र ग्राम बुंदेला में कृषक पाठशाला आयोजित, किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों एवं योजनाओं की दी जानकारी

0 322

रिपोर्टर-सोहन श्याम बजाग डिंडौरी

 

करंजिया,डिंडौरी-कृषि अभियांत्रिकी विभाग डिंडौरी द्वारा आज विकासखंड करंजिया के ग्राम बुंदेला में कृषक श्री राम करण सिंह के खेत तथा ग्राम भुसुण्डा में कृषक श्री आनंद कुमार के खेत पर कृषक पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक किसानों ने भाग लेकर आधुनिक कृषि तकनीकों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

पाठशाला में कृषि अभियांत्रिकी विभाग की उपयंत्री सुश्री पूनम कोराम ने किसानों को कृषि यंत्रों के उपयोग, कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, नरवाई प्रबंधन, आधुनिक कृषि यंत्रीकरण तथा कस्टम हायरिंग सेंटर की सुविधा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से खेती के कार्यों में समय, श्रम एवं ईंधन की बचत होती है तथा उत्पादन में भी वृद्धि संभव होती है। उन्होंने किसानों को खेती में आधुनिक तकनीक एवं मशीनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती शशि मरकाम ने किसानों को विभिन्न शासकीय कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, सिंचाई योजनाएं, मशरूम उत्पादन के लिए आवेदन प्रक्रिया, मृदा परीक्षण के महत्व तथा बलराम तालाब योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के अंत में कृषि अभियांत्रिकी विभाग डिंडौरी द्वारा किसानों से नरवाई नहीं जलाने की अपील की गई तथा फसल अवशेष प्रबंधन के लिए कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मृदा की उर्वरता भी बनी रह सके।

इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक कृषक उपस्थित रहे और कृषक पाठशाला से लाभान्वित हुए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment