48 घंटे में लूट का खुलासा: ₹1 लाख नगद, टैबलेट और बाइक बरामद; शातिर गिरोह के तीन सदस्य पुलिस की गिरफ्त में

सीधी, 14 मार्च 2026
शहर में हुई ₹1 लाख की सनसनीखेज लूट का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर शातिर गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पूरी ₹1,00,000 की राशि, एक टैबलेट और घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च को फरियादी लालमणि सिंह के साथ हुई लूट की घटना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर मुख्य आरोपी सचिन लोनिया (20 वर्ष) निवासी हटवा खास थाना कमर्जी, आदित्य विश्वकर्मा (18 वर्ष 6 माह) निवासी हटवा बरहा टोला थाना कमर्जी तथा एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लूटी गई पूरी नकदी, टैबलेट और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
अन्य थानों की वारदातों का भी खुलासा
कोतवाली पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने थाना चुरहट और थाना सेमरिया क्षेत्र में भी लूट व झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। इन इनपुट के आधार पर दोनों थानों की पुलिस द्वारा भी वैधानिक कार्रवाई और विवेचना की जा रही है। संबंधित मामलों का अलग से खुलासा किया जाएगा।
पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार
इस त्वरित सफलता और शत-प्रतिशत बरामदगी पर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय सहित टीम के उप निरीक्षक राजमणि वर्मा, प्रधान आरक्षक रणबहादुर, आरक्षक आनंद शर्मा, तिलकराज सिंह, बालेंद्र सिंह, राजकुमार मिश्रा, आजाद खान और प्रदीप मिश्रा के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।