जिला अस्पताल की अव्यवस्था पर शिवसेना का कड़ा रुख, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सीधी। जिला अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्था और डॉक्टरों की कथित लापरवाही को लेकर शिवसेना ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे और जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिला अपर कलेक्टर को मुख्यमंत्री एवं जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अस्पताल की व्यवस्था सुधारने और लापरवाह डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिला अस्पताल में पदस्थ कई डॉक्टर अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रहे हैं। मरीजों को सरकारी अस्पताल में उचित उपचार देने के बजाय उन्हें निजी क्लिनिक में आने के लिए प्रेरित किया जाता है। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा उनका आर्थिक शोषण भी हो रहा है।
शिवसेना पदाधिकारियों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टरों का दायित्व है कि वे वहां आने वाले मरीजों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ इलाज करें, लेकिन कुछ डॉक्टर अस्पताल की ड्यूटी से अधिक समय अपने निजी क्लिनिक में दे रहे हैं, जो शासन की व्यवस्था और जनता के अधिकारों के खिलाफ है।
शिवसेना ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो डॉक्टर ड्यूटी में लापरवाही बरतते हुए निजी क्लिनिक में मरीजों का इलाज कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।
प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे और जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो शिवसेना जिला इकाई जनहित में संबंधित निजी क्लिनिकों का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान संभाग उपाध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा, जिला मंत्री आशीष मिश्रा, जिला महामंत्री सुनील रावत, विधानसभा संपर्क प्रमुख सागर सिंह चौहान, नगर अध्यक्ष जैनेन्द्र सिंह चौहान उर्फ मुन्ना, सोनम सिंह चौहान, आदर्श सिंह चौहान, जय राम सिंह चौहान उर्फ जैकी, राहुल सिंह चौहान, राजकुमार सिंह चौहान उर्फ लाल बाबू, आशीष सिंह चौहान, रामाधार गोस्वामी सहित कई शिवसैनिक मौजूद रहे।