बिलगढ़ा बांध क्षेत्र में अवैध ब्लास्टिंग का पर्दाफाश, बीडीएस ने जमीन से निकाले जिंदा विस्फोटक — बड़े हादसे से टला खतरा

डिंडोरी। जिले के शहपुरा क्षेत्र अंतर्गत बिलगढ़ा बांध के पास चल रहे सरकारी कार्य में गंभीर लापरवाही और अवैध गतिविधियों का मामला सामने आया है। जल जीवन मिशन परियोजना के तहत किए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान बिना वैधानिक अनुमति ब्लास्टिंग कराए जाने का खुलासा तब हुआ जब मौके पर पहुंची बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) और पुलिस टीम ने जमीन में दबे जिंदा विस्फोटक बरामद किए।
बताया जा रहा है कि बिलगढ़ा जलाशय जैसे अति-संवेदनशील क्षेत्र में ठेकेदार कंपनी द्वारा बिना किसी पूर्व अनुमति और सूचना के बारूद का इस्तेमाल किया जा रहा था। न तो विस्फोटक विभाग से स्वीकृति ली गई और न ही स्थानीय प्रशासन अथवा पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। यदि समय रहते यह कार्रवाई न होती तो बड़ा जनहानि हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों में दहशत, कई दिनों से सुनाई दे रहे थे धमाके
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बीते कई दिनों से क्षेत्र में तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। खेतों में काम कर रहे किसानों और आसपास के ढोंढ़ा गांव सहित अन्य बस्तियों में भय का माहौल बना हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई।
संयुक्त जांच में बड़ा खुलासा
बीडीएस और पुलिस की संयुक्त जांच के दौरान जमीन में दबे जिंदा विस्फोटक मिलने से पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री अत्यंत खतरनाक थी और थोड़ी सी चूक से बड़ा विस्फोट हो सकता था। विस्फोटकों को सुरक्षित निष्क्रिय करने की कार्रवाई की गई है।
दर्ज हो सकता है गंभीर मामला
सूत्रों के अनुसार पुलिस विस्फोटक अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की तैयारी में है। देर शाम तक मामला दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है। जांच के दायरे में ठेकेदार कंपनी, साइट इंचार्ज और संबंधित विभागीय अधिकारी आ सकते हैं।
अब सबसे बड़े सवाल यह हैं कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई? किसकी अनुमति से संवेदनशील बांध क्षेत्र में ब्लास्टिंग कराई जा रही थी? और प्रशासन को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई?
मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, कई जिम्मेदार चेहरों से पर्दा उठने की संभावना है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में प्रशासन की गतिविधियां तेज हो गई हैं और ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है।