महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित केंद्रीय बजट पर भाजपा का महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित

सीधी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन 2047 के तहत भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वावलंबन को मजबूत करने वाला है। बजट में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लाखों-करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय बजट पर महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं महिला मोर्चा आयोजन समिति की संयोजक प्रज्ञा त्रिपाठी मुख्य वक्ता के रूप में तथा सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि देश की आधी आबादी महिलाओं के सशक्तिकरण से ही भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा। केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही लाड़ली बहना योजना, लखपति दीदी योजना, स्टार्टअप और स्व-सहायता समूह जैसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही हैं।
मुख्य वक्ता प्रज्ञा त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। बजट में महिलाओं के लिए वर्किंग वूमेन हॉस्टल, जिला स्तर पर महिला खिलाड़ियों हेतु आधुनिक स्टेडियम, स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के लिए शॉपिंग मॉल, स्वरोजगार के लिए हजारों करोड़ रुपये का प्रावधान तथा 18 विभागों के माध्यम से महिलाओं को उद्यमी बनाने की योजना शामिल है। साथ ही कैंसर, किडनी सहित अन्य गंभीर बीमारियों की जीवनरक्षक दवाओं पर 70 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान भी किया गया है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि यह बजट किसान, युवा और महिला सभी वर्गों के हित में सर्वस्पर्शी एवं सर्वव्यापी है। बजट की विशेषताओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी द्वारा जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में अभियान संयोजक विश्व बंधुधर द्विवेदी, महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम सोनी सहित अनेक महिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।