EWS प्रमाण पत्र प्रकरण में लापरवाही व अभद्रता का आरोप, मजदूर संघ ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

सीधी।
EWS प्रमाण पत्र बनाने में लापरवाही, आवेदक से अभद्र भाषा, गाली-गलौज एवं मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोपों को लेकर भारतीय भवन एवं अन्य सन्निर्माण मजदूर संघ ने जिला प्रशासन को शिकायती आवेदन सौंपा है।
संघ के संभागीय उपाध्यक्ष विकास नारायण तिवारी ने बताया कि ग्राम पोस्ट बदरा, तहसील गोपदबनास निवासी आवेदक द्वारा नियमानुसार EWS प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद संबंधित कार्यालय द्वारा अनावश्यक रूप से आवेदक को बार-बार चक्कर लगवाए गए।
आरोप है कि 22 जनवरी 2026 को जानकारी मांगने पर संबंधित कर्मचारियों द्वारा आवेदक के साथ अमर्यादित व्यवहार, गाली-गलौज एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, कार्यालय परिसर में कथित रूप से शारीरिक दुर्व्यवहार की भी बात सामने आई है, जो शासकीय सेवा आचरण नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
विकास नारायण तिवारी ने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि श्रमिक और गरीब वर्ग के आत्मसम्मान से जुड़ा विषय है। यदि सरकारी कार्यालयों में न्याय मांगने आए नागरिकों के साथ ऐसा व्यवहार होगा, तो यह पूरे प्रशासनिक तंत्र पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
मजदूर संघ ने मांग की है कि
दोषी अधिकारी/कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल विभागीय कार्रवाई की जाए
आवेदक का EWS प्रमाण पत्र शीघ्र जारी कराया जाए
भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कड़े निर्देश जारी किए जाएं
संघ ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।