नगर एवं ग्रामीण अंचल की हलचल

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ पांढुरना
पांढुरना / सीताबाई की बदली किस्मत: सरकारी योजनाओं से बनीं आत्मनिर्भर
खेड़ीकला। जनपद पंचायत पांढुर्णा की ग्राम पंचायत खेड़ीकला में शासन की योजनाओं का सकारात्मक असर दिखाई दे रहा है। यहाँ की निवासी सीताबाई भिमराव राजगुरू आज अन्य ग्रामीणों के लिए मिसाल बन गई हैं। सीताबाई को ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के तहत पक्का मकान, ‘संतरा फलोद्यान योजना’ से खेती में लाभ और ‘उज्ज्वला योजना’ से गैस कनेक्शन मिला है। साथ ही उन्हें नियमित राशन और वृद्धावस्था पेंशन का लाभ भी मिल रहा है। यह सफलता कहानी ग्रामीण विकास की एक नई तस्वीर पेश करती है।
मारूड और पैलेपार में बिखरे आनंद के रंग
पांढुर्णा। कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार ग्राम मारूड एवं पैलेपार में आनंद उत्सव का धूमधाम से आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के पूजन से हुई, जिसके बाद स्कूली बच्चों ने खेलकूद और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। सेक्टर प्रभारी अविनाश डफरे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस उत्सव ने ग्रामीण क्षेत्र में सामूहिक एकता और उत्साह का संचार किया है।
पिपला नारायण वार में महिलाओं को सिखाए सेहत और स्वच्छता के गुर
पिपला नारायण वार। जन अभियान परिषद द्वारा ‘ग्रामोदय से अभ्युदय’ अभियान के तहत नगर परिषद पिपला नारायण वार में एक विशेष संगोष्ठी आयोजित की गई। जिला समन्वयक अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में महिलाओं को शासन की लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। परामर्शदाता सुनील डोंगरे ने स्वच्छता, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के लिए जन्मदिन पर पौधारोपण करने का संकल्प भी दिलाया गया।
ग्राम अंबाड़ा में खेल प्रतियोगिताओं के साथ जन-जागरूकता अभियान
अंबाड़ा। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के ‘ग्रामोदय से अभ्युदय’ अभियान के अंतर्गत ग्राम अंबाड़ा में संगोष्ठी और आनंद उत्सव का संगम देखने को मिला। विकासखंड समन्वयक दिलीप आठनेरे की उपस्थिति में कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और चेयर रेस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसी दौरान ग्रामीणों को जैविक खेती और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।