केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी में विद्यालय प्रबंधन समिति की द्वितीय वार्षिक सभा सम्पन्न

जमुना कोतमा(राकेश शर्मा)क्षेत्र के उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थान केंद्रीय विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक दिनांक 20/12/2025 को सम्पन्न हुई । ध्यातव्य हो कि विद्यालय के विकास कार्यों एवं प्रगति समीक्षा हेतु समय-समय पर विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठकें होती हैं । इसी क्रम में आज विद्यालय के विकास कार्यों में संवर्धन हेतु वर्ष की द्वितीय वार्षिक बैठक महाप्रबंधक कार्यालय सभागार में संपन्न हुई। सभा में महाप्रबंधक ने सर्वप्रथम केंद्रीय विद्यालय संगठन की विकास यात्रा पर फिल्मांकित लघु फ़िल्म के सफल फिल्मांकन हेतु केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी को बधाई देते हुए इसे गौरव का क्षण बताया ।
सभा की अध्यक्षता महाप्रबंधक एसईसीएल एवं विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष प्रभाकर राम त्रिपाठी ने किया। सभा में विद्यालय विकास हेतु चल रहे कार्यों के लेखा-जोखा एवं समीक्षा के उपरांत प्राचार्य मनोज कुमार द्वारा वर्तमान सत्र 2025-26 के अकादमिक लक्ष्यों, NEP के क्रियान्वयन हेतु संचालित विभिन्न शैक्षिक और सह-शैक्षिक योजनाओं से अवगत कराया। साथ ही NEP के शत-प्रतिशत अनुपालन हेतु विद्यालय में विभिन्न मूलभूत संरचनात्मक आवश्यकताओं, नवीन बालवाटिका कक्षाओं (1 और 2), वाणिज्य कक्षाओं एवं खेल मैदान के विस्तार हेतु प्रस्ताव रखा गया।
सभा द्वारा पूर्व की बैठकों मे प्रस्तावित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं पर सहमति भी प्रदान की गई। सभा समाप्ति के बाद प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा सभा में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा हेतु प्रबंधन समिति अध्यक्ष के अतिरिक्त पदाधिकारीगण एस ई सी एल, क्षेत्रीय चिकित्साधिकारी, शिक्षाविद, अभिभावक प्रतिनिधि, शिक्षक प्रतिनिधि, सदस्य अनु.जाति/जनजाति एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय विकास के लिए समस्त कार्यवृत्तियों पर परिचर्चा के उपरांत सभा सफलतापूर्वक संपन्न हुई ।