सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने संसद में उठाया महत्वपूर्ण मामला भुमका–मूसामूड़ी ग्राम की 1068 एकड़ भूमि अधिग्रहण पर पुनर्विचार की मांग

सीधी। लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने लोकसभा में नियम 377 के तहत सीधी जिले के जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत भुमका–मूसामूड़ी ग्राम के किसानों की ज्वलंत समस्या को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि ग्राम में मेसर्स आर्यन पावर ऑफ जनरेशन को लगभग 1068 एकड़ भूमि अधिग्रहण कर दी गई थी, जिसमें से 650 एकड़ भूमि आदिवासी, तथा शेष पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग और शासकीय भूमि शामिल है।
सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि इस अधिग्रहित भूमि पर पिछले 15 वर्षों से कोई कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, जिसके कारण किसान अपनी कृषि भूमि से वंचित होकर परेशान हैं। उन्होंने सदन में स्पष्ट मांग रखते हुए कहा कि या तो भूमि अधिग्रहण नए सिरे से किया जाए, या फिर किसानों को उनकी भूमि वापस लौटाई जाए, क्योंकि यह क्षेत्र पूर्णतः कृषि आधारित है और किसानों की आजीविका इसी पर निर्भर है।
ग्रामीणों ने सांसद की पहल का किया स्वागत
भुमका–मूसामूड़ी ग्राम के निवासियों ने सांसद डॉ. मिश्रा द्वारा संसद में इस गंभीर मुद्दे को उठाने के लिए आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सांसद की इस पहल से उनकी वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। गांव में इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर स्थान मिलने से खुशी और उम्मीद का माहौल है।