लापरवाही बर्दाश्त नहीं,सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों का हो प्राथमिकता के साथ निराकरण

सीधी( राकेश शर्मा )सीधी जिले की समय-सीमा बैठक कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित सभी प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को सभी विभाग सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग ग्रेड-ए में आने का लक्ष्य निर्धारित करे तथा शिकायतों की प्रतिदिन समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उपखंड अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्रों में लंबित प्रकरणों की निरंतर मॉनिटरिंग कर नियमित उपखंड स्तरीय समीक्षा बैठकें आयोजित करें।
बैठक में कलेक्टर ने कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस से जुड़े बिंदुओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि शासन की नीतियों और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आवश्यक एजेंडा बिंदुओं पर त्वरित और सटीक कार्यवाही करें, ताकि जिले में योजनाओं का प्रभाव प्रत्यक्ष रूप से दिखाई दे।
कलेक्टर ने यह भी उल्लेख किया कि राज्य शासन के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभागवार उपलब्धियों और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी तैयार रखी जाए। साथ ही वृंदावन ग्राम योजना तथा गीता भवन निर्माण से संबंधित सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएँ जिले की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान से जुड़ी हैं, इसलिए गुणवत्ता और समय-सीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सुनिश्चित रूप से पहुँचे, यह प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी मैदानी भ्रमण बढ़ाएँ, कार्यस्थलों का निरीक्षण करें और वास्तविकता के आधार पर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी हो सके।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, उपखंड अधिकारी सिहावल प्रिया पाठक, गोपद बनास राकेश शुक्ला, मझौली आरपी त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।