सनातन हिंदू एकता पदयात्रा : बघोर से केराई धाम तक उमड़ा आस्था और एकता का सागर

0 240

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, सिहावल रिपोर्ट : शाहिद खान

 

मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सिहावल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बघोर में 30 नवम्बर 2025 को सनातन परंपरा और सांस्कृतिक जागरण का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब हनुमान मंदिर से आरंभ हुई पांच किलोमीटर लंबी सनातन हिंदू एकता पदयात्रा श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ केराई धाम पहुंची। मां शीतला देवी के धाम पर पहुंचे हजारों सनातनियों ने जयघोषों से वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

 

यात्रा का उद्देश्य हिंदू एकता, गो-रक्षा, सामाजिक समरसता तथा छुआ-छूत जैसी कुरीतियों के उन्मूलन का जागरूक संदेश देना था। चंद्रशेखर मिश्रा ने कहा कि केराई धाम अत्यंत प्राचीन और सिद्ध स्थल है, जहां अनादिकाल से मां शीतला देवी की पूजा होती आ रही है। उन्होंने इस धाम को विशिष्ट तीर्थ के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया। वहीं सामाजिक जनों—दल बहादुर सिंह, विजय शंकर, आशीष मिश्रा सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भव्य मंदिर निर्माण हेतु सहयोग देने का संकल्प लिया।

 

यह दिव्य पदयात्रा सुंदरकांड मंडल बघोर तथा ग्राम के सभी सनातन धर्मावलंबियों के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुई। ग्राम बघोर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में सनातनी भाई-बहनों ने सम्मिलित होकर इस पावन आयोजन को सफल बनाया। कंधे से कंधा मिलाकर चलने की यह छवि न केवल बघोर के लिए गौरव का विषय बनी, बल्कि समूचे क्षेत्र को सनातन एकता का सशक्त संदेश भी दे गई।

 

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment