मध्यप्रदेश में 4 नवम्बर से शुरू हुआ घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान विशेष गहन पुनरीक्षण SIR के तहत 4 दिसम्बर तक चलेगा अभियान- नागरिकों से सहयोग की अपील

खमोद चन्देल की रिपोर्ट
डिंडौरी -भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन किया जा रहा है।
इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी प्रत्येक मतदाता के निवास पर जाकर उनके नाम, पता, आयु और अन्य विवरणों का भौतिक सत्यापन करेंगे। आयोग ने सभी नागरिकों से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी और पूर्ण सहयोग का आग्रह किया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश श्री संजीव झा ने नागरिकों से अपील की है कि जब बीएलओ आपके घर आएँ, तो उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करें। बीएलओ के पास मतदाता सूची 2025 के विवरण सहित प्री-प्रिंटेड एन्यूमरेशन फॉर्म होगा। नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि वे उसमें भरी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक जांचें और पुष्टि करें।
जिन परिवारों में नया सदस्य 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका है, उसका नाम जोड़ने के लिए बीएलओ फॉर्म-6 प्रदान करेंगे। यदि किसी सदस्य का निधन हो गया हो या वह अन्यत्र स्थानांतरित हो गया हो, तो संबंधित जानकारी भी दी जा सकेगी ताकि सूची से नाम हटाया जा सके।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सर्वेक्षण के दौरान बीएलओ कोई भी दस्तावेज एकत्र नहीं करेंगे। दस्तावेज़ केवल तभी मांगे जाएंगे जब किसी प्रविष्टि का सत्यापन रिकॉर्ड से मेल न खाए। बीएलओ आयोग द्वारा अधिकृत पहचान पत्र लेकर आएँगे, इसलिए नागरिक उनसे पहचान सुनिश्चित कर ही जानकारी साझा करें।
घर-घर सत्यापन के उपरांत 9 दिसम्बर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। नागरिक 9 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक दावा और आपत्तियाँ दर्ज करा सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सटीक और अद्यतन जानकारी प्रदान कर इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग दें। यह अभियान मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और समावेशिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।