कलेक्टर ने किया असमय बारिश से फसल नुकसान का स्थलीय निरीक्षण

प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी से रिपोर्ट — शाहिद खान
सीधी।
कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने जिले में विगत दिनों हुई असमय बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर किसानों की फसलों में हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पनवार बघेलान एवं पनवार चौहान टोला पहुँचकर खेतों में खड़ी फसलों की वास्तविक स्थिति का जायज़ा लिया और किसानों से सीधे संवाद किया।
कलेक्टर श्री सोमवंशी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि फसल नुकसान के प्रत्येक मामले का आंकलन पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और ईमानदारी से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन के नियमानुसार पात्र किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल नुकसान के सर्वे कार्य को तत्काल प्रारंभ कर प्रारंभिक रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर सतत निगरानी रखें तथा किसानों से निरंतर संपर्क बनाए रखें, ताकि किसी भी किसान को भ्रम या असुविधा का सामना न करना पड़े।
भ्रमण के दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास श्री राकेश शुक्ला सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।