मड़वा में 223.60 लाख की लागत से 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र का भूमिपूजन

प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी
रिपोर्ट – शाहिद खान
सीधी।
टीएसपी (जनजातीय उपयोजना) अंतर्गत ग्राम मड़वा में 223.60 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र का भूमिपूजन रविवार को संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं अध्यक्षता विधायक श्रीमती रीती पाठक ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, जनपद अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार एवं समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
“ऊर्जा क्रांति का नया अध्याय” – सांसद डॉ. मिश्रा
सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश में ऊर्जा क्रांति का नया अध्याय लिखा जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि गाँव-गाँव तक गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली पहुँचे।
उन्होंने कहा कि मड़वा उपकेंद्र से 32 ग्रामों के करीब 6500 परिवार लाभान्वित होंगे, जिससे किसानों, विद्यार्थियों, छोटे व्यापारियों और स्थानीय उद्योगों को सीधा फायदा मिलेगा।
“विकसित मध्यप्रदेश की दिशा में बड़ा कदम” – विधायक रीती पाठक
विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि सशक्त भारत और विकसित मध्यप्रदेश का सपना तभी पूरा होगा जब गाँव, किसान, विद्यार्थी और महिलाएँ ऊर्जा से सशक्त होंगी। उन्होंने कहा कि मड़वा उपकेंद्र किसानों को सिंचाई, विद्यार्थियों को पढ़ाई और घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराएगा। साथ ही, स्थानीय उद्योग-धंधों को गति मिलने से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
तकनीकी जानकारी
कार्यपालन अभियंता अजीत सिंह बघेल ने बताया कि यह कुचवाही वितरण केंद्र का पहला 33/11 के.व्ही. उपकेंद्र होगा। अभी 32 ग्रामों को विभिन्न उपकेंद्रों से बिजली मिल रही है। मड़वा उपकेंद्र के निर्माण के बाद तीन नए फीडर (कुचवाही, कोठार और मड़वा) से आपूर्ति होगी, जिससे बिजली व्यवस्था और अधिक सुचारु हो जाएगी।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी शामिल
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, इंद्रशरण सिंह चौहान, विश्वबंधु धर द्विवेदी, डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, अंजू पाठक, प्रमोद द्विवेदी, विक्रम सिंह, पुष्पराज सिंह, कार्यपालन अभियंता शिवेंद्र सिंह बघेल, सहायक अभियंता अशोक सिंह, सचिन चंद्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।