जमोड़ी पुलिस की सराहनीय सफलता – 1400 किलोमीटर दूर गुजरात से लापता किशोरी सकुशल बरामद

सीधी। थाना जमोड़ी पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग किशोरी की तलाश में 1400 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस ने अथक प्रयासों के बाद किशोरी को गुजरात के वांकनेर से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।
घटना का विवरण
दिनांक 14 जून 2025 को किशोरी के परिजन ने थाना जमोड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी घर से लापता है। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं मिला, साथ ही आशंका व्यक्त की गई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर ले गया है।
मामला दर्ज कर थाना प्रभारी ने विशेष टीम गठित की। लगातार खोजबीन और तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस टीम वांकनेर (गुजरात) पहुंची और वहां से किशोरी को सकुशल बरामद कर लाई। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोरी को परिजनों के हवाले कर दिया गया।
टीम का योगदान
इस सराहनीय सफलता में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक राजपति, महिला प्रधान आरक्षक कुसुम तथा आरक्षक के. पी. सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 जमोड़ी पुलिस की इस कार्रवाई ने एक ओर जहां परिवार को राहत दी है, वहीं पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का भी उदाहरण पेश किया है।
—