साक्षरता दर बढ़ाने को 20 सितंबर को होगी उल्लास-नवभारत परीक्षा

प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी : रिपोर्ट शाहिद खान
जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार उल्लास-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता परीक्षा का आयोजन 20 सितंबर 2025 को किया जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अध्याय 21 के प्रावधानों के तहत 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के असाक्षरों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम 1 अप्रैल 2022 से संचालित है। जिले में वर्तमान में 1,06,409 असाक्षर हैं, जिन्हें वर्ष 2027 तक साक्षर बनाने का लक्ष्य है। इस बार परीक्षा में 27 हजार से अधिक नवसाक्षरों को सम्मिलित कराने का लक्ष्य रखा गया है।
कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत के मार्गदर्शन तथा राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देश पर जिले के सभी विद्यालयों में यह परीक्षा होगी। इसमें वे नवसाक्षर शामिल होंगे जिन्हें एन.आई.एल.पी. एप के जरिए चिन्हांकित किया गया है और जिन्होंने उल्लास अक्षर पोथी प्रवेशिका से अध्ययन किया है। इसके अलावा, साक्षरता मिशन अंतर्गत कक्षाओं के शिक्षार्थी एवं पूर्व शिक्षा प्राप्त वे असाक्षर जिनका प्रमाणीकरण नहीं हुआ है, वे भी परीक्षा दे सकेंगे।
“इच वन-टीच वन” अभियान के तहत डाइट छात्र-शिक्षकों और स्कूली छात्रों द्वारा पढ़ाए गए नवसाक्षरों को भी शामिल किया जाएगा। परीक्षा हेतु जिले की प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं को केंद्र बनाया गया है, जिनके प्रभारी शिक्षक केंद्राध्यक्ष होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी, जिसकी अवधि 3 घंटे की होगी। परीक्षार्थी अपनी सुविधा अनुसार तय समय में शामिल हो सकेंगे।
मूल्यांकन कार्य में शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएँ, आशा कार्यकर्ता एवं अक्षर साथी सहयोग देंगे। परीक्षा परिणाम में 33 प्रतिशत से कम अंक पाने वाले नवसाक्षरों को “नीड टू इम्प्रूवमेंट” श्रेणी में रखा जाएगा और उन्हें अगली परीक्षा में पुनः अवसर दिया जाएगा।