सिहावल क्षेत्र में बाकी की सहकारी उचित मूल्य दुकान खुली, प्रदेशव्यापी हड़ताल के बीच राशन वितरण जारी
प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी : रिपोर्ट – शाहिद खान
सीधी जिले के सिहावल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बाकी की सहकारी उचित मूल्य दुकान प्रदेशव्यापी हड़ताल के बावजूद खुली मिली। जहाँ एक ओर पूरे मध्यप्रदेश में कोटेदार वेतन वृद्धि और कमीशन भुगतान जैसी प्रमुख मांगों को लेकर तालेबंदी किए हुए हैं, वहीं बाकी की इस दुकान पर खुलेआम राशन वितरण किया जा रहा है।
प्रदेश में कोटेदारों की यह हड़ताल मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर केंद्रित है:
1. वेतन वृद्धि की मांग – कोटेदारों को पिछले 5-6 महीनों से वेतन नहीं मिला है। उनकी मांग है कि निश्चित तिथि पर नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
2. कमीशन भुगतान – प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत वितरित राशन का कमीशन अब तक लंबित है।
3. भौतिक सत्यापन की समस्या – शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन न होने से खाद्यान्न वितरण प्रभावित हो रहा है।
इस हड़ताल का असर सीधे जनता तक पहुंच रहा है। उदाहरण के तौर पर, हाल ही में सिंगरौली जिले के 335 कोटेदारों की हड़ताल से लगभग 7 लाख ग्रामीण उपभोक्ता राशन से वंचित रह गए।
प्रदेश स्तरीय आंदोलन को देखते हुए सहकारिता विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है, मगर सिहावल क्षेत्र के बाकी गांव की दुकान संगठन के आदेशों की अनदेखी करते हुए जनता को राहत पहुंचा रही है।