एनसीएल बीना परियोजना में उत्पादन ठप

आवास पर कब्जे के विरोध में ट्रेड यूनियनों ने रोका कोयला डिस्पैच
बीना – एनसीएल बीना परियोजना में कोयला उत्पादन और सड़क डिस्पैच पूरी तरह ठप हो गया है। यह कार्रवाई एक आवासीय क्वार्टर पर अवैध कब्जे के विरोध में ट्रेड यूनियनों द्वारा की गई है, जिससे परियोजना को करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
जानकारी के अनुसार, यह गतिरोध गुरुवार सुबह लगभग 8 बजे से शुरू हुआ। विवाद बीना परियोजना के आवासीय परिसर में स्थित बी-टाइप 281 क्वार्टर को लेकर है, जो ‘नन्हा दिल हॉस्पिटल’ के नाम पर आवंटित था। आरोप है कि 11 सितंबर को दूसरे परियोजना एनसीएल कृष्णशीला के एक कर्मचारी ने ताला तोड़कर इस आवास पर कब्जा कर लिया था।
इस घटना के बाद, परियोजना की ट्रेड यूनियनों – एटक, बीएमएस, आरसीएसएस और एनसीपीएसएमयू ने प्रबंधन को आवास खाली कराने के लिए अवगत कराया था। हालांकि, 18 सितंबर तक बीना प्रबंधन द्वारा आवास खाली नहीं कराए जाने पर नाराज यूनियनों ने उत्पादन और सड़क डिस्पैच बंद करने का फैसला किया।
डिस्पैच इंचार्ज संजीव दीक्षित ने बताया कि कोयला उत्पादन और सड़क मार्ग से होने वाला डिस्पैच पूरी तरह प्रभावित रहा। हालांकि, रेणुसागर को कोयले का डिस्पैच जारी रहा। इस बंदी से परियोजना को करोड़ों रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है, लेकिन प्रबंधन अभी तक आवास खाली कराने में सफल नहीं हो पाया है।