जबलपुर: लूट के तीनों आरोपियों को 3-3 साल का कठोर कारावास व जुर्माना
जबलपुर। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्रीमान देवरथ सिंह की अदालत ने थाना हनुमानताल के लूट के मामले में आरोपियों राहुल उर्फ विलियम, अजय चौधरी और मनीष चौधरी को दोषी मानते हुए 3-3 वर्ष का कठोर कारावास और 2000-2000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
यह मामला अपराध क्रमांक 888/2024 एवं प्रकरण क्रमांक 3104840/2024 से संबंधित है। तीनों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 309(6) (दो शीर्ष) के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
घटना का संक्षेप
27 नवंबर 2024 की रात प्रार्थी अपने भाइयों के साथ ग्वारीघाट में कैटरिंग का काम करके लौट रहे थे। इसी दौरान कसाई मंडी से चुंगी नाका जाने के लिए वे एक ऑटो में बैठे, जिसमें आरोपीगण पहले से मौजूद थे। कुछ देर घुमाने के बाद ऑटो चालक राहुल व उसके साथी पीड़ितों को कब्रिस्तान के अंदर ले गए और लूटपाट की। उन्होंने पीड़ित से 8500 रुपये नगद, एटीएम कार्ड और मोबाइल छीन लिया तथा विरोध करने पर मारपीट भी की।
अभियोजन की पैरवी
इस प्रकरण में उप-संचालक (अभियोजन) श्री विजय कुमार उईके और प्रभारी जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्रीमती स्मृतिलता बरकड़े के मार्गदर्शन में सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री शिवकुमार शर्मा ने प्रभावी पैरवी की। अदालत ने उनके तर्कों से सहमत होकर आरोपियों को सजा सुनाई।
—