मेहमानों को चाय पिलाने के बाद युवक ने लगाया फांसी का फंदा

बीना (रेणुसागर चौकी क्षेत्र)।
ककरी निवासी 22 वर्षीय केशव प्रसाद गुप्ता ने मंगलवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है।
जानकारी के अनुसार, केशव की शादी जून माह में हुई थी। कुछ समय से पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद की जानकारी पत्नी के मायके वालों को भी हो गई, जो समझाने के लिए ससुराल पहुंचे थे।
मंगलवार सुबह केशव ने मेहमानों को चाय पिलाई और उसके बाद अकेले कमरे में चला गया। काफी देर तक कोई आवाज नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो केशव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
तुरंत उसे बीना के अटल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर रेणुसागर चौकी प्रभारी राजेश सिंह मौके पर पहुंचे और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दूधी भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।