शासकीय माडल स्कूल खजुरी में मध्यान्ह भोजन में सम्मिलित हुए प्रभारी मंत्री, वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाएंगे- प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक से हमारी सेना ने दुश्मन के हौसलों को परास्त किया है – प्रभारी मंत्री,

0 279

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर शासकीय माडल स्कूल खजुरी में आयोजित विशेष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा सीधी जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होने विद्यालय में 100 बिस्तरीय बालक छात्रावास भवन का शुभारंभ, एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण तथा छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिल का वितरण किया। इस अवसर पर विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, जनपद अध्यक्ष सीधी श्री धर्मेन्द्र सिंह परिहार, समाजसेवी श्री देव कुमार सिंह चौहान द्वारा फलदार पौधों का रोपण किया गया।

 इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि हमें यह आजादी कई वर्षों के कठिन संघर्ष तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली है। इसकी सीमाओं की सुरक्षा के लिए हमारे देश के वीर सैनिकों ने अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। इस आजादी का सम्मान करें तथा देश को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लें। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में हमारा प्रदेश विकास के मार्ग पर अग्रसर हो रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। आज हमारी सेना पूरी तरह से सशक्त है। आपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक के माध्यम से हमारी सेनाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि दुश्मन ताकतों को करारा जवाब मिलेगा। हमने नई तकनीकी से दुश्मन को परास्त करके दिखाया है और पूरे विश्व में अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक गर्व से तिरंगा फहरा रहा है।

 प्रभारी मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। देश का यह विकास अकल्पनीय है। सरकार की नीति और नियत स्पष्ट है, वर्ष 2047 तक भारत एक विकसित देश बनेगा। उन्होने कहा कि सीधी जिले के विकास में भी कोई कमी नहीं रहेगी। जिले के सभी विकास कार्य समय-सीमा में तथा गुणवत्तापूर्ण हों। उन्होने स्पष्ट किया है कि सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेन्स की नीति है।

 प्रभारी मंत्री ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें गुणवत्तायुक्त शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी मिले। ये राष्ट्र के निर्माता बने। देश को विकसित बनाने में अपना योगदान दें। बच्चों में कुछ अच्छा करने की जिद और जुनून पैदा करें। 

 विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि राष्ट्रीय पर्वों का आयोजन हमारे अंदर एक अद्भुत ऊर्जा का संचार करता है। देश के बलिदानियों ने स्वतंत्र भारत की हमें जो सौगात दी है उसे संजोये रखने तथा संवारने की जिम्मेदारी हमारी है। उन्होने उपस्थितजनों को संकल्प दिलाया कि अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठावान रहें, गरीब एवं वंचित लोगों को न्याय देने के संकल्प के साथ आगे बढ़े, अपने घर, परिवेश, कार्यस्थल, गांव और शहर को स्वच्छ रखें, भारत माता के प्रति पूर्ण निष्ठा हो तथा देश सेवा के ध्येय के साथ अनुशासित रहकर आगे बढ़े। 

 इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार तथा समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान ने उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं और बधाई दी।

 कार्यक्रम में कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ रविन्द्र वर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमन राज, जिला पंचायत सदस्य प्रीती सिंह, प्रदीप शुक्ला, सरपंच बेदुआ अर्चना सुशील तिवारी, इन्द्रशरण सिंह चौहान, लालचन्द्र गुप्ता, अमलेश्वर चतुर्वेदी, पंकज पाण्डेय, पुनीत नारायण शुक्ल, भानू पाण्डेय, पुष्पराज सिंह, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment