सोशल मीडिया में वायरल वीडियो पर त्वरित कार्रवाई: पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

0 2,951

सिंगरौली। सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो को गंभीरता से लेते हुए सरई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो में कुछ युवक रास्ता रोककर वाहनों को परेशान करते नजर आ रहे थे, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।

घटना दिनांक 29 मई 2025 को सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में यह देखा गया कि थाना सरई क्षेत्र के पुरानी देवसर में कुछ लोग सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों को रोक रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक रंजन एवं एसडीओपी श्री राहुल कुमार सैयाम के मार्गदर्शन में, सरई थाना प्रभारी श्री जीतेन्द्र भदौरिया के नेतृत्व में त्वरित जांच शुरू की गई।

वीडियो में दिख रहे व्यक्तियों की पहचान निम्नानुसार की गई:

1. हृदयलाल सिंह, पिता विजयबहादुर सिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी बहेरहाडांड़, चौकी बरका।

2. तेजबली सिंह गोंड़, पिता रंगबिहारी सिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी बहेरहाडांड़, चौकी बरका।

3. जगलाल सिंह, पिता जगजाहिर सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी कुकरांव, चौकी तिनगुड़ी।

4. बृजेन्द्र कोल, पिता रामप्रताप कोल, उम्र 35 वर्ष, निवासी कुकरांव, चौकी तिनगुड़ी।

पूछताछ में सभी आरोपियों ने बताया कि वे सरई बाजार में पल्लेदारी का कार्य करते हैं और घटना के दिन शराब के नशे में थे। घर लौटते समय आपस में विवाद करने लगे और झगड़े के दौरान आवागमन कर रहे वाहनों को भी रोकने लगे। हालांकि, जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपियों द्वारा किसी प्रकार की लूटपाट की घटना नहीं की गई है और न ही किसी वाहन चालक ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

इसके बावजूद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में चारों आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया में प्रसारित किसी भी आपराधिक गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment