गड्ढामुक्त नहीं, गढ्ढायुक्त बनी सड़क — वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग बना दुर्घटनाओं का गढ़

बीना / सोनभद्र:
प्रदेश सरकार द्वारा गड्ढामुक्त सड़कों का सपना दिखाया जा रहा है, लेकिन हकीकत इसके ठीक उलट है। ज़मीनी सच्चाई यह है कि वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुका है और यह आमजन के लिए दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है।
इस मार्ग पर चलने वाले राहगीरों और यात्रियों के मन में हर वक्त दुर्घटना का भय बना रहता है। खास तौर पर मर्क बंसी के पास सड़क पर लगभग एक फीट गहरा गड्ढा बन चुका है, जो आए दिन बाइक सवारों को चोट पहुँचा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि चलना मुश्किल हो गया है। सड़क पूरी तरह से जर्जर हो गई है और हर बारिश के साथ हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।
बताया गया कि पिछले वर्ष इसी मार्ग के गड्ढों की मरम्मत करवाई गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में, खासकर बारिश शुरू होते ही, सारी मरम्मत धरी की धरी रह गई और सड़क फिर से टूट गई।
इस मामले को लेकर जब पीडब्ल्यूडी के सुपरवाइजर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो कोई जवाब नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने शासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस मार्ग के गड्ढों को जल्द से जल्द भरवाया जाए और सड़क की उचित मरम्मत करवाई जाए, जिससे दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और लोगों को सुरक्षित आवाजाही मिल सके।