“बीना/सोनभद्र”~^मुख्यधारा में लौटा उग्रवादी संगठन का सब-जोनल कमांडर, पुलिस ने किया स्वागत,

बीना/सोनभद्र। झारखंड सरकार द्वारा संचालित आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का सकारात्मक असर लगातार सामने आ रहा है। इस नीति से प्रेरित होकर कई उग्रवादी संगठन से जुड़े सदस्य मुख्यधारा में लौट रहे हैं और समाज की मुख्य धारा में शामिल होकर सामान्य जीवन जीने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
बुधवार को इसी कड़ी में उग्रवादी संगठन के शीर्ष हार्डकोर नक्सली सब-जोनल कमांडर बैजनाथ सिंह ने झारखंड पुलिस, CRPF और SSB के समक्ष आत्मसमर्पण किया। पुलिस विभाग ने जानकारी दी है कि बैजनाथ ने सोशल मीडिया और सरकारी नीतियों से प्रेरित होकर आत्मसमर्पण का निर्णय लिया।
बैजनाथ सिंह का मानना है कि जीवन का वास्तविक मूल्य सामाजिक मान्यता, संस्कृति और प्रतिष्ठा में निहित है, और हिंसा का रास्ता किसी समस्या का समाधान नहीं है।
आत्मसमर्पण के इस अवसर पर पुलिस और सुरक्षाबलों द्वारा बैजनाथ का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
झारखंड पुलिस ने यह भी बताया कि उग्रवादियों के खिलाफ चल रही निर्णायक कार्रवाई से लगातार सफलता मिल रही है, जिससे अन्य उग्रवादी भी आत्मसमर्पण को लेकर प्रेरित हो रहे हैं।
यह आत्मसमर्पण सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और इससे क्षेत्र में शांति एवं विकास की राह और मजबूत होगी।