सीधी: टिकरी परासी में आदिवासी बस्ती की सड़क पर गुंडों का कब्जा, सरपंच पति पर हमला – जनसुनवाई में सैकड़ों लोग पहुंचे

सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट,
सीधी जिले के टिकरी परासी ग्राम पंचायत भूमका की आदिवासी बस्ती में बन रही सड़क पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा लगातार निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है। सड़क निर्माण की प्रगति की समीक्षा करने पहुंचे सरपंच के पति पर भी हमला कर उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई।
इस घटना से आक्रोशित होकर गांव के लोग, स्कूली बच्चे और सरपंच पति एकजुट होकर जिला कलेक्टर कार्यालय, जनसुनवाई और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सरपंच पति ने बताया कि आजादी के बाद पहली बार गांव में सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ है। विधायक कुंवर सिंह टेकाम, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और गांव के समाजसेवियों की मदद से एक सामाजिक कार्यकर्ता ने अपनी पट्टे की जमीन दान में दी, जिस पर पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित कर सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया। करीब 60% काम पूरा हो चुका है, लेकिन गांव के कुछ दबंग निर्माण में रुकावट डाल रहे हैं और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।आज कलेक्ट्रेट में एकत्र हुए लोगों द्वारा बताया गया कि गांव के ही अंकुर, सुनील, दीपक और आलोक मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को काम बंद करने के लिए कहा। मजदूरों के मना करने पर आरोपियों ने लाला गर्ग के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने पत्थरों से हमला कर दिया और कार के पीछे व साइड के शीशे तोड़ डाले।
घटना के बाद रात करीब 11 बजे लाला गर्ग मजदूरों के साथ मड़वास थाने पहुंचे
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि आने वाले दिनों में बरसात शुरू हो जाएगी और बच्चों को स्कूल जाने में भारी परेशानी होगी। ऐसे में प्रशासन से मांग की गई है कि निर्माण कार्य में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि जल्द से जल्द सड़क का कार्य पूरा हो सके।वही सरपंच द्वारा बताया गया कि हमें कलेक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक के माध्यम से आश्वासन मिला है कि जल्द ही ऐसे आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करेंगे
साथ ही कलेक्टर प्रतिनिधि द्वारा मिडिया से रूबरू होते हुए कहा कि हम आपका पत्र कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को सौंपेंगे,आगे की वैधानिक कार्यवाही उनके द्वारा मामले में त्वरित जांच करवा कर की जाएगी।